पर्दे का कारण

हमें तुम्हारे पर्दे से एतराज़ इसलिए था…

क्योंकि हमने अपने पर्दे अभी देखे ही नहीं थे।

जिस दिन हमने अपने पर्दे देखे,

पहले तो अपने आप पर भी एतराज़ हुआ।

फिर किसी समझदार के कहने पर

यह समझने की कोशिश की

कि खुद से ही पर्दा क्यों है।

तब समझ आया

कि पर्दे के बिना तो हम खुद को भी स्वीकार नहीं कर पाते।

इसलिए पर्दा ज़रूरी था।

पर्दा धोखा नहीं था…

वह डर और अपनाए जाने की चाह का ही एक रूप था।

जब यह समझ आया,

तो भरे दिल से पर्दे के पीछे जो था, उसे देखा।

सुंदर तो नहीं था… पर अपना था।

शायद जब अपनापन

सुंदरता की चाह से बड़ा हो गया,

तो पर्दे की ज़रूरत ही नहीं रही।

इसलिए आज जब मैं तुम्हारा पर्दा देखता हूँ,

तो कोई शिकायत नहीं होती।

मैं तुम्हारा दर्द महसूस कर सकता हूँ।

तुम्हें चोट पहुँचाने के बजाय

तुम्हें प्यार करने का मन करता है —

ताकि तुम्हारे पर्दे की वजह ही खत्म हो जाए

और एक और इंसान की आत्मा का बोझ थोड़ा हल्का हो जाए।

Leave a Comment